शनिवार, 14 नवंबर 2026

"भारतीय पुरातत्व स्थलों की थकाऊ, बोझिल टिकिट प्रणाली"

"भारतीय पुरातत्व स्थलों की थकाऊ, बोझिल टिकिट प्रणाली"






बचपन मे इतिहास विषय की एक कहानी सुनी थी जिसमे एक युद्ध के दौरान  मुगल शासक हुमायूँ को डूबने से बचाने के ईनाम के रूप मे, एक निज़ाम नामक भिश्ती को ढाई दिन के लिए बादशाह बना दिया। कहा जाता है उसने अपने शासन को यादगार बनाने के लिए  चमड़े के सिक्के चलाये। दूसरी घटना भोपाल रेल्वे के एक अफसर के सनकपने की है जिसने एक यात्री की जान ले ली। घटना नवंबर 2011 की है, जहां भोपाल-नई दिल्ली शताब्दी एक्स्प्रेस के कोच संख्या सी1, सी2, सी3...... की जगह अचानक नये लगाये गए  डिस्प्ले बोर्ड पर 5 अंकों की कोच पर लिखी संख्या (जैसे 11425, 14356....) का प्रदर्शन शुरू कर दिया। अचानक से हुए इस परिवर्तन और असमंजस के कारण एक यात्री की कोच मे चढ़ते समय ट्रेन से कटकर  दर्दनाक मौत हो गयी। दोनों ही घटनाओं मे दो व्यक्तियों के सिरफिरेपन, सनक और पागलपन ने आम लोगों को संकट और परेशानी मे डाल दिया ऐसी ही कुछ सोच पुरातत्व विभाग की टिकिट प्रणाली मे दृष्टिगोचर होती जब आप कोई पुरातत्व विभाग का किला, पैलेस या अनय कोई पर्यटन स्थल देखने जाते है।          

अभी हाल ही मे पूरे विश्व मे, 27 सितम्बर 2026 को विश्व पर्यटन दिवस मनाया गया और इन्ही  दिनों ही मुझे लंबे पर्यटन प्रवास के दौरान लगभग 10 स्थानों पर एएसआई (Archeological Survey of India) या भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण के अधीन आने वाले भवनों, किलों और एतिहासिक  स्थलों के भ्रमण के बीच पुरातत्व  विभाग की कठिन, दुष्कर, कष्टप्रद और बोझिल  डिजिटल टिकिट प्रणाली से जूझना पड़ा। आज के कम्प्युटर युग मे इन्फॉर्मेशन तकनीकि  या सूचान प्रौद्योगिकी ने एक नए युग की शुरुआत की है जिसके उपयोग से कार्य सुगम और आसान हो गए  और लगने वाला समय भी कुछ क्षणों तक सीमित हो गया है। भारत मे यूपीआई भुगतान प्रणाली की सफलता का सबसे बड़ा राज यही है। ऐसा प्रतीत होता है कि  भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने विभाग के डिजिटलाइजेशन के नाम पर अपने स्टाफ और विभाग के  काम को वेशक हल्का और सरल कर लिया हो पर सामान्य पर्यटकों को विभाग की टिकिट प्रणाली की  कठिनाइयों से प्रतिदिन रु-ब-रु होना पड़ रहा है। हो सकता है सरकार की डिजिटलीकरण नीतियों के दबाव के चलते पुरातत्व विभाग के जिन अधिकारियों और इन्फॉर्मेशन तकनीकि के इंजीनियरों ने इस टिकिट प्रणाली को विकसित किया उससे विभाग की आंतरिक क्रियाकलापों और उनके स्टाफ को फायदा मिला हो पर आम पर्यटकों को न केवल बहुत अधिक समय लेने वाली कठिन, थकाऊ और वोझिल प्रक्रिया से गुजरना पड़ता है, अपितु पुरातत्व विभाग के उपस्थित स्टाफ से भी कोई सहयोग या सहायता नहीं मिलती। वे सिर्फ मोबाइल पर व्हाट्सप्प  देखते या हाथ पर हाथ धरे बैठे नज़र आए।   

9 सितम्बर 2026 को कर्नाटक के चित्रदुर्ग  से  पुरातत्व विभाग की टिकिट प्रणाली से जूझना जो शुरू हुआ वो हम्पी, एहोल, पट्टद्कल, बादामी केव, गोल गुंबज विजयपुरा, सोलापुर फोर्ट, और पुणे के सिंधुदुर्ग फोर्ट, शनिवार बाड़ा और आगा खान पैलेस पर समाप्त हुआ। बैसे मै पिछले 7-8 साल से वस्तुओं के विनिमय का भुगतान यूपीआई/भीम एप्प के माध्यम से ही करता हूँ। शॉपिंग के दौरान नगदी रखना लगभग बंद हो गया है, लेकिन अपनी हाल ही की यात्रा मे, जहां पुरातत्व विभाग के अधीन पर्यटन स्थलों मे ऑन लाइन टिकिट भुगतान के साथ नगद भुगतान का विकल्प था, वहाँ मैंने नगद भुगतान करना पसंद किया, क्योंकि विभाग के ऑन लाइन टिकिट क्रय करने की प्रिक्रिया इतनी कठिन और बोझिल थी कि 15, 20  या 40 रुपए जैसी छोटी राशि का भुगतान ऑन लाइन करने मे काफी अधिक समय लग रहा था। लेकिन जहां नगदी से विलग, मात्र ऑन लाइन का विकल्प था वहाँ होने वाली दुरूह और कठिन प्रिक्रिया मे होने वाली कठिनाइयों का यहाँ  उल्लेख करूंगा।    

9 सितम्बर को चित्रदुर्ग के किले को देखने की बड़ी उत्सुकता और उमंग के साथ जैसे ही हम दुर्ग के प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो टिकिट खिड़की पर क्यूआर कोड़ देख कर खुशी हुई कि टिकिट का भुगतान क्यूआर कोड़ को स्कैन करने पर बैसे  ही हो जाएगा जैसे भीम एप्प पर यूपीआई से भुगतान करने पर हो जाता। लेकिन मै गलत था। क्योंकि जैसे ही मैंने यूपीआई सी क्यूआर कोड़ को स्कैन किया उसने मुझे एएसआई (भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण)  की वेब  साइट पर भेज दिया। जहां रु॰ 20/- के टिकिट का भुगतान क्यूआर कोड से कुछ क्षणों मे हो जाना चाहिए था, वह उक्त साइट पर पहले पर्यटक का नाम और पता मांग रहा था। दोपहर की चटक धूप मे एक तो मोबाइल की स्क्रीन देखने मे समस्या आ रही थी क्योंकि ऑफिस पूरी तरह कवर्ड नहीं था। खैर नाम पता डालने के बाद मोबाइल नंबर तो स्वाभाविक था जो मै कंट्री कोड +91 वाले कॉलम मे डालने का प्रयास कर रहा था लेकिन जब एक दो बार मोबाइल नंबर डालने मे विफल रहा तो मुझे अहसास हुआ कंट्री कोड +91 और मोबाइल नंबर के कॉलम अलग अलग हैं। मेल id का कॉलम भर देने के बाद जब कोई पहचान पत्र का विवरण भरने की बात आई तो विभाग के प्रति कुछ वितृष्णा और खीज पैदा हुई। लेकिन पर्स से पैन नंबर निकाल कर जैसे तैसे भरा। सामान्य प्रवेश टिकिट खरीदने के लिए ईमेल और पहचान के लिए आधार की क्या आवश्यकता है। बैसे भी सामान्य लेनदेन के लिए व्यक्तिगत जानकारी मांगना नैतिक और कानूनी दृष्टि सी कहाँ तक उचित है? बीस रुपए के टिकिट के लिए इतने पापड़ बेलने पड़े, समझ से परे था। आइए और आगे बढ़ते हैं। सारी सूचना भरने के बाद जैसे ही सबमिट्ट का बटन दबाया तो टिकिट के भुगतान के लिए सिस्टम ने पुनः यूपीआई के द्वार पर भेज दिया। आदत के अनुसार एम-पिन और क्यूआर कोड को देख ये सोच कर मैंने क्यूआर कोड के बटन को दबा दिया ताकि विभाग मे प्रदर्शित बोर्ड से कोड को स्कैन कर तुरंत भुगतान हो जाएगा।  बस! यहीं चूक हो गयी और वेब साइट ने मुझे वेब साइट से बाहर कर दिया। ढांक के वही तीन पात। 10 मिनिट बाद भी हम वही खड़े थे जहां से हम चले थे । इस सांबन्ध मे ज्यादा सहायता कहीं उपलब्ध नहीं थी। चूंकि वैबसाइट मित्रवत न होकर राग दरबारी की तरह दुश्मन वत थी और लाल फीता शाही की तरह सरकारी टालामटोली और कामचोरी का प्रतिनिधित्व कर रही थी। अलग अलग पर्यटन स्थलों के प्रवेश टिकिट पर अलग अलग जानकारी मांगी जा रही थी। यदि डिजिटल प्राणली मित्रवत सरल होती तो क्यूआर कोड के बटन दबाते ही सिस्टम के बाहर न करती।

पुनः पूरी कहानी अर्थात नाम, पता, मेल आईडी, मोबाइल नंबर, पैन संख्या भरने के बाद इस बार सावधानी रखते हुए यूपीआई भुगतान गेट पर क्यूआर कोड की जगह एम-पासवर्ड डाल कर धनराशि भरी और ट्रैंज़ैक्शन पास वर्ड भर पूरी प्रक्रिया पुनः की। अंत यहीं नहीं था धूप मे मोबाइल स्क्रीन की अस्पष्टता के चलते डाउन लोड हुआ टिकिट न जाने कहाँ गायब हो गया। पुनः अपनी याददाश्त को दुरुष्त कर मोबाइल से डाउन लोड फ़ाइल को खोज कर टिकिट को मोबाइल पर निकाला और प्रवेश द्वार पर दिखला कर चित्रदुर्ग किले के दर्शन के लिए प्रवेश किया। कुछ ऐसी ही या इससे  मिलती-जुलती समस्याओं का सामना, मैंने सोलापुर के किले, पुणे के सिंधुदुर्ग किले, शनिवार बाड़ा और आगाखान पैलेस मे भी किया। ऐसे अनेक पर्यटक दिखे जो मोबाइल से ऑनलाइन टिकिट ले रहे व्यक्तियों से अनुनय विनय कर उनको नगद पैसे देकर टिकिट ले रहे थे। ये प्रणाली सामान्य पर्यटकों पर भावनात्मक अत्याचार है। विभाग को पर्यटन स्थल पर पर्यटकों को हो रही असुविधा पर खोज खबर ले कर समुचित कार्यवाही करनी चाहिए।  

एक बात समझ से परे है कि पुरातत्व विभाग की एतिहासिक स्मारकों के दर्शन भ्रमण  के लिए पर्यटकों के हर बार, हर स्मारक देखने के लिए बार-बार इतने ढेर सारे आंकड़े एकत्रित करने की क्या आवश्यकता है। एक छोटी सी राशि के भुगतान के लिए इतनी बोझिल, समय लेने वाली  और जटिल प्रक्रिया की क्या आवश्यकता? इतनी जानकारी तो रेल विभाग अपने रेल-वन एप्प से सामान्य टिकिट खरीदने के लिए भी नहीं मांगता।  अगर ऐसा है तो पुरातत्व विभाग, रेल विभाग की तरह अपना एक एप्प क्यों नहीं बना लेता और हर पर्यटक का अकाउंट पंजीकरण कर यूजर आईडी पसवर्ड क्यों नहीं दे देता ताकि हर बार व्यक्तिगत डेटा न भरना  पड़े। विभाग कुछ भी सफाई या स्पष्टीकरण दे, पुरातत्व विभाग की ये वेब साइट विभाग की टिकिट बिक्री के दिनभर के जोड़-घटाने को तो सरल बना सकता पर पर्यटकों को किसी भी प्रकार की सुहुलियत या सहायता नहीं करती।  केंद्रीय पर्यटन विभाग और पुरातत्व विभाग को अपने टिकिट प्रणाली पर पुनः विचार कर इसे सरल और साधारण बनाना चाहिए।         

विजय सहगल              


शुक्रवार, 6 नवंबर 2026

Golden of Caves Park चेरापूँजी (मेघालय)



 

गुफाओं का पार्क (Golden of Caves), चेरापूँजी (मेघालय)














काफी दिनों पूर्व मैंने अपने ब्लॉग में एशिया के सबसे साफ सुथरे गाँव मावलिननाँग, का उल्लेख किया था। उसी संदर्भ में  आज पुनः सोहरा (चेरपूँजी) की सबसे साफ सुथरे भ्रमण स्थान का खासी भाषा में ब्री सीनराङ्ग पार्क अर्थात गोल्डन ऑफ केव्स का उल्लेख करूंगा। 2 नवंबर 2022 को   अपने पारवारिक मित्रों के साथ उक्त स्थान का भ्रमण करने गया जो बड़ा ही अद्भुत पार्क ही नहीं प्राकृतिक गुफाओं, जलकुंड, प्राकृतिक पुल, झरनों, घने जंगल और चट्टानों से बना एक खूबसूरत पार्क है। इस पार्क को घूमने की दृष्टि से मुख्यतः 6 स्थानों में  विभक्त किया जा सकता है। इस पार्क की खासियत है कि यहाँ प्रकृति के साथ साथ खासी जनजाति के इतिहास और लोक सांस्कृति की झलक भी मिलती है। पूर्वी खासी हिल्स जिले के लैतमावसियांग गाँव में  स्थित है जो शिलांग से लगभग 50-55 किमी और चेरापूँजी से 20-25 किमी दूर है। 2.5 हेक्टेयर के परिक्रमा पथ में  फैली ये गुफ़ाएं कहीं हल्की छोटी पहाड़ियों, कहीं झरनों और जंगलों से होकर जाती है। कहीं खाईं, कहीं चट्टानों पर लगातार  गिर रहे पानी से  प्राकृतिक रूप से बनी चट्टानों की विशेष आकार प्रकार की आकृति देखने को मिलती है, जो प्रकृति की अद्भुत रचना को देख कर ईश्वरीय चमत्कार के सामने नतमस्तक होने को मजबूर करता है। खासी जनजाति और और उनके शासकों ने इन प्राकृतिक गुफाओं में  आश्रय स्थल और शरण लेने में  किया था। ब्रिटिश शासन के विरुद्ध भी खासी लोगों के लिए आश्रय और पानी के प्राकृतिक बनावट के कारण इसका रणनीतिक महत्व रहा।

यहाँ स्थित एक झरने को राजा की गुफा जिसे खासी भाषा में  सीनराङ्ग सईएम कहते अद्भुत है। ऊपर गोलाकार आकृति से चारों ओर से गिर रहे झरने के बीच झरने के चारों तरफ प्राकृतिक रूप से बनी चट्टानों से  बने प्राकृतिक गलियारे में  कुर्सी और विस्तर के आकर के कारण यहाँ राजा विश्राम करते थे इसलिए इस शानदार गुफा को राजा की गुफा कहा जाता है। लगातार गिरते पानी के कारण कुछ चट्टानों में  बड़ी सुन्दर आकृतियाँ बन गई हैं। इनमे एक दिल के आकार के आकृति और उसमे भरे पारदर्शी पानी के कारण इसको खासी भाषा में  मावदोहनूड माव का अर्थ है पत्थर और डोहनूड का अर्थ दिल होता है इसलिए इसे दिल कहा जाता है यहाँ के लोग इसे अपनी मनौती या मनोकामना से जोड़कर देखते हैं इसी कारण श्रद्धा के वशीभूत मनौती पूरी होने के लिए पैसे चढ़ाते हैं।

एक गुफा में  फ़ब्बारे की तरह से गिर रहे झरने को राजा का स्नान गृह कहा जाता है। हम सभी लोग कभी सीढ़ियाँ चढ़कर पहाड़ी पर पहुंचे और कभी जलधाराओं के ऊपर बने  लकड़ी और बांस से बने पुल से गुजर कर अपनी यात्रा को आगे बढ़ाते रहे। हर जगह बहते पानी और झरने से गिर रहे पानी का रंग बदलते दिखलाई दे रहा था कहीं तो पानी हरा, कहीं पारदर्शी और कहीं आसमानी रंग का था जो मौसम और प्रकाश की तीव्रता से अपना रंग रूप बदलता  दिखलाई देता है, लेकिन हर पानी का स्रोत साफ और पारदर्शी था। कहीं भी प्रदूषण, दूर दूर दिखलाई नहीं दिया शायद इसी लिए मेघालय को बादलों का घर उचित ही कहा गया। एक और झरने के सामने चट्टान से बनी ढाल की तरह बनी आकृति के कारण प्रकृति का एक और अजूबा देखने को मिला जो अद्भुत ही था। गिरते झरनों के पीछे बने गलियारे से निकलना भी रोमांचकारी अनुभव था जब गिरते झरनों की कुछ फुहारे आपके शरीर को तरोताजगी का एक मीठा और ठंडा हवा का झोंका देती हैं और मन सहित आपके पूरे शरीर मे ताजगी का संचार कर देती हैं।  एक अन्य चट्टान में  एक शिशु की आकृति को देखा तो मानों प्रकृति ने अपनी कोख में  उसे पूरे प्यार और जतन से छुपा रक्खा हो। लगभग एक-डेढ़ किमी की चढ़ाई, उतराई और चलाई के बाद हम लोगों ने इस गोल्डन केव्स के अविस्मरणीय भ्रमण और गुफाओं की सुनहरी यादों को दिल मे सँजोये, ग्रुप के सदस्य, मेघालय के अगले पढ़ाव के लिए प्रस्थान कर गए।

विजय सहगल          

          

 

                                             

गुरुवार, 29 अक्टूबर 2026

गरुण रथ मंदिर, हम्पी, कर्नाटक

 

“गरुण रथ मंदिर, (विट्ठल मंदिर), हम्पी (कर्नाटक)”













“गरुण रथ मंदिर, हम्पी (कर्नाटक)”

10 सितम्बर 2026 को मुझे हम्पी जाने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। हम्पी कर्नाटक राज्य के विजय नगर जिले में तुंगभद्रा नदी के किनारे वसा एक एतिहासिक कस्बा है जो देवराय द्वितीय (1422-46 ई.) द्वारा  अपने विजय नगर शैली के बनवाये कलात्मक मंदिर और  अपने पुराने वैभव और संस्कृति को समेटे एक समृद्ध शाली शहर है। राजा कृष्णदेव राय (सं 1509-29) ने अपने शासन काल में इन मंदिरों में बड़े महत्वपूर्ण परिवर्तन करायें थे। इन मंदिरों की इसी एश्वर्य और भव्य धरोहर के चलते संयुक्त राष्ट्र द्वारा इसे विश्व धरोहर के रूप दर्जा दिया गया हैं। यूं तो हम्पी को भगवान राम के त्रेता युग से जुड़े प्रसंग में भगवान हनुमान के किष्किन्धा पर्वत से भी याद किया जाता है। यहीं पर मारुति नंदन हनुमान की जन्मस्थली भी  है। माता शबरी से जुड़े प्रसंग पंपा सरोवर भी इसी क्षेत्र में है जहाँ भगवान श्रीराम ने माता शबरी के आश्रम में आथित्य स्वीकार कर प्रेम से पगे जूठे बेर ग्रहण किये थे। 14वीं शताब्दी में विजयनगर साम्राज्य की राजधानी हुआ करता था और हम्पी का वैभव लगभग 40-50 किमी क्षेत्र में फैला है। निर्विवाद रूप से हम्पी में फैले पुरातत्व कालीन अवशेषों में गरुण भगवान को समर्पित रथ मंदिर जो विजय विट्ठल मंदिर का हिस्सा है अपने  वैभव, समृद्ध विरासत, भव्यता और उसकी चमक सभी स्थलों से सर्वोपरि है। यही कारण है कि पुरातत्व विभाग ने इस स्थल तक पहुँचने के लिए वाहन स्थल और बाजार से दूर एकांत में रक्खा है जहाँ पहुँचने के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों की शासन द्वारा व्यवस्था की गई है ताकि हर तरह की गंदगी और प्रदूषण से इस विश्वधरोहर स्थल को बदूर रख कर बचाया जा सके।

बैसे तो हम्पी ट्रेन मार्ग से कर्नाटक राज्य के होसपेट रेल स्टेशन से 13 किमी दूर है और बेंगलुरू से लगभग 350 किमी दूर है लेकिन इस छोटे ग्रामीण कस्बे में रुकने के लिए  राज्य सरकार के पर्यटन विभाग के होटल के साथ अन्य छोटे बड़े होटल भी है और दक्षिण भारतीय खाने की सुविधा ऊपलब्ध है लेकिन होसपेट एक बड़ा शहर होने के कारण बहुत से लोग होसपेट में रुकना पसंद करते हैं लेकिन अपने चारपाहिया वाहन से यात्रा के कारण स्थानीय आवागमन की सुविधा की दृष्टि से भी मैंने हम्पी में ही रुकने को प्राथमिकता दी थी। बैट्री कार से लगभग एक किमी की यात्रा के बाद जब हम विट्ठल मंदिर के प्रवेश द्वार पर पहुंचे तो ऊंची ऊंची दीवारों से घिरे विट्ठल मंदिर की भव्यता और वैभव के दर्शन नहीं होते लेकिन जैसे ही प्रवेश द्वार के माध्यम से मंदिर प्रांगण में प्रवेश किया तो विजय नगर साम्राज्य की समृद्धशाली स्थापत्य के दर्शन हुए। पूरा मंदिर एक ओर जहाँ भगवान विष्णु के विट्ठल रूप को समर्पित है और वहीं भगवान गरुण के रूप में स्थापित पत्थरों की बारीक नक्काशी से बने रथ की भव्यता देखते ही बनती है। चार गोल पत्थरों से बने नक्काशी दार पहियों से निर्मित रथ की भव्यता और उसके मध्य में बने छिद्र में लगी धुरी पर भी बारीक कलात्मक बेलबूटे ऐसे लगते है मानों लकड़ी का धुरा चारों पहियों को मजबूती से एक दूसरे को  जोड़कर रक्खे हों। इन पहियों के धुरों पर बने रथ का चौकोर नक्काशी दार चबूतरा जगन्नाथ पुरी के रथ के विशालाकार की याद दिला रहा था। ऐसा कहा जाता है कि राजा कृष्णदेव राय ने, उड़ीसा में युद्ध के दौरान कोणार्क के सूर्य मंदिर के रथ से प्रेरित होकर इस गरुण मंदिर रथ  का निर्माण कराया था। चबूतरे पर पाषाण स्तंभों का आलंबन लिए बना मंदिर अति सुन्दर प्रतीत लग रहा था। मंदिर के आगे पीछे बने द्वार और दायें बाएं दो छोटी खिड़कियां मंदिर की भव्यता में चार चाँद लगा रही थी। चबूतरे पर देव, किन्नर और यक्ष की प्रतिमाओं को बनाया गया है साथ ही एक जगह सिंह गर्जना करते सिंह की प्रतिमा भी उकेरी गई है। रथ के आगे बने दो हाथी बने थे मानों एरावत के आदेश मिलते ही रथ को खींच कर आगे बढ़ने को आतुर हों। पूरा रथ एकदम जीवंत मुद्रा में चलने के लिए तैयार प्रतीत लग रहा था। इस रथ के  रेखा चित्र को भारतीय मुद्रा के 50 रुपये के नोट पर भी उकेरा गया है। इस रथ को एकटक देखते रहने की लालसा को मै बहुत देर तक पूरी करता रहा।  एक पल के लिए भी निगाहें हटाने का मन नहीं कर रहा था। इसक गरुड़ मंदिर की तस्वीरों को लेने की दीवानगी पागल करने जैसी हो रही थी। हर पल को कैद करने का जुनून रथ के चारों ओर घूम कर देखने को मजबूर कर रहा था। मन भरकर देखने और फोटो लेने के बाद फिर अन्य भवनों, मंडपों को देखने के लिए आगे बढ़।  

रथ के पीछे एवं बाएं तथा दायें भी विशाल मंडप बने थे। जिन पर अलग अलग नक्काशी और अद्भुत विशेषता लिए हूएं थे जिनका विवरण आगले अंक में प्रस्तुत करेंगे।  

विजय सहगल   



बुधवार, 21 अक्टूबर 2026

पीएनबी प्रबंधन द्वारा बैंक कर्मियों को खलनायक के रूप मे निंदनीय प्रस्तुतिकरण

 

विज्ञापनों में पीएनबी प्रबंधन द्वारा बैंक कर्मियों को खलनायक के रूप मे  निंदनीय प्रस्तुतिकरण

 





पिछले दिनों बैंक की संयुक्त बैंक कर्मचारी और अधिकारी संगठनों की 28 सितमबर 2026 से 30 सितमबर 2026 तक की प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल के आवाहन पर पंजाब नैशनल बैंक प्रबंधन ने सोशल मीडिया पर जो विज्ञापन प्रचारित किए उसमें उच्च बैंक प्रबंधन का, जहाँ एक ओर कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रति घिनौना, अमानवीय और अनैतिक चेहरा दिखाई दिया, वहीं दूसरी ओर बैंक के अध्यक्ष और उच्च प्रबंधन, वित्त मंत्री और वित्त मंत्रालय के सचिवों के सामने नतमस्तक हो चाटुकारिता और चापलूसी करते नज़र आए। प्रबंधन ने अपने ही हजारों अधिकारियों और कर्मचारियों को खलनायक की तरह प्रस्तुत करने मे कोई कोर कसर नहीं छोड़ी, जब उन्होंने सोशल मीडिया पर दिए अपने विज्ञापन मे  अग्निशमन, डॉक्टर और पुलिस के स्टाफ को बैंक कर्मियों के विरुद्ध प्रातिस्पर्धी के रूप मे प्रस्तुत कर उन पर व्यंगयात्मक टिप्पड़ी  करते हुए दिखलाया, कि डॉक्टर, पुलिस स्टाफ और अग्निशमन का स्टाफ 24 घंटे सेवा मे तत्पर रह काम करता हैं और हम  पाँच दिवसीय हफ्ते की मांग नहीं कर रहे!!

इसमे कोई शक नहीं डॉक्टर, अग्निशमन सेवकों, पुलिस या सुरक्षा बलों की सेवा देश और समाज मे इसलिए सम्मान की दृष्टि से देखी जाती है क्योंकि वे निरंतर 24 घंटे अपनी सेवाओं से देश और समाज की सेवा मे रत हैं, क्योंकि इन सेवाओं मे कार्यरत स्टाफ को कभी भी चिकित्सा, अग्नि और कानून व्यवस्था के लिये कभी भी जाना पद सकता है। इन विभागों मे उसी तरह समुचित मात्रा मे स्टाफ भी ऊपलब्ध कराया जाता है ताकि स्टाफ को समुचित आराम के साथ पारवारिक जिम्मेदारियों के साथ सामाजिक उत्तरदायित्वों का निर्वहन भी कर सकें। बैंक कर्मी और चिकित्सा सेवा, अग्निशमन सेवा और सुरक्षा/पुलिस बल एक दूसरे के पूरक हैं प्रातिस्पर्धी नहीं। लेकिन पीएनबी प्रबन्धन का बैंक कर्मियों को इन सेवाओं मे कार्यरत कर्मियों के विरुद्ध प्रातिस्पर्धी के रूप मे खड़ा कर खलनायक के रूप मे प्रस्तुत करना घोर आपत्तिजनक और  निंदनीय है।     

दरअसल विज्ञापन देने के लिये जिम्मेदार PNB बैंक प्रबंधन विज्ञापन के माध्यम से  एक तीर से दो निशाने लगाना चाहता था। बैंक प्रबंधन ने विज्ञापन के माध्यम से जहाँ बैंक कर्मियों को सदेश दिया कि एक ओर तो बैंक कर्मी, कितने स्वार्थी, खुदगर्ज और मतलबी हैं कि अपने लिये आप 5 दिन के हफ्ते की मांग कर रहे है और वही दूसरी ओर डॉक्टर, पुलिस के जवान और अग्निशमन सेवा के कर्मी दिन-रात 24 घंटे सेवा देते हैं और वे हफ्ते मे 5 दिन कार्य दिवस की मांग नहीं करते? ये बैंक प्रबंधन की अंग्रेजों की तरह बाँटों और राज करों नीति का कुत्सित हिस्सा है। बैंक प्रबंधन यहीं नहीं रुका, उसने सोशल मीडिया एक्स पर दिए अपने विभत्स और बैंक कर्मी विरोधी, अपने विज्ञापनों के माध्यम से वित्त मंत्री और बैंकिंग विभाग के सचिवों की जी हज़ूरी, चापलूसी और खुशामद करने के लिए इन विज्ञापनों की प्रतियां भी उनके एक्स एकाउंट @DFS_India (भारत सरकार के बैंक से जुड़े वित्त सेवा विभाग) एवं @FinMinIndia (भारत सरकार के वित्त मंत्री का विभाग) पर भी भेजीं। दूसरे अन्य बैंकों ने भी लोगों और आम जनता में जागरूकता फैलाने के लिए अपने बैंक क्रियाकलापों को हड़ताल के पूर्व करने की सलाह अवश्य दी जो एक जिम्मेदार संस्थानों के रूप मे उचित थी, पर किसी भी अन्य सरकारी बैंक ने इस तरह की अशिष्ट, असभ्य और गैरजिम्मेदार भरा विज्ञापन नहीं दिया। आम जनों को बैंकिंग सेवाओं की पहुंच आसान करने और असुविधा से बचाने के लिए इन्ही बैंक कर्मियों और अधिकारियों ने रविवार को भी बैंक खोलकर आम जनों को बैंकिंग सेवायें उपलब्ध कराई और यही निर्लज्ज, PNB बैंक प्रबंधन दुनियाँ के सामने अपने ही  बैंक कर्मियों की व्यंग्यात्मक तरह से खिल्ली उड़ा रहा था जो इनके दोहरे चरित्र को उजागर करता है। जैसे ही उक्त विज्ञापन सोशल मीडिया पर आए मैंने तुरंत ही एक्स पर इन विज्ञापनों के विरोध मे अपना तीखा विरोध दर्ज कराया। ऐसे ही अन्य लोगों के विरोध के चलते उक्त तीनों विज्ञापन को 27 सितम्बर 2026 को प्रबंधन ने अपने सोशल मीडिया एकाउंट से  डिलीट कर हटा  दिया जो इनके डरपोंक कायरतापूर्ण कुकृत्य और प्रबंधन के मानसिक दिवालिया पन, नकारात्मक सोच और नैतिक पतन को दर्शाता है।     

ऐसा नहीं था कि हफ्ते मे 5 दिवसिय कार्य दिवस की मांग अनोखी थी या पहली बार की गई थी। बैंक कर्मियों की ये मांग 2015 से निरंतर चली आ रही है, बैंक कर्मी अपनी हर  मांगों के लिए शांतिपूर्ण आंदोलन और प्रदर्शन करते हैं। यहाँ ये लिखना आवश्यक हैं कि बैंक कर्मी जब भी हड़ताल करते हैं तो No works, No pay नीति के तहत प्रत्येक हड़ताल के दिनों का वेतन उनकी तनखा से काट लिया जाता है, अन्य सरकारी विभागों की तरह नहीं कि चाहें जितनी हड़ताल करो पर वेतन मे दिन तो छोड़िए घंटे भर की भी वेतन कटौती नहीं होती। ये बैंक कर्मियों का दुर्भाग्य हैं कि हड़ताल के दूसरे दिन दुगना बैंकिंग कार्य भी उन्हे देर रात तक बैठ कर निपटना पड़ता हैं, हर दिन का कार्य उसी दिन  करना बैंक कर्मियों की नियति है अन्य विभागों की तरह कार्य को आगे बढ़ाना या पेंडिंग रखना बैंक की कार्य प्रणाली मे संभव ही नहीं हैं। बैंकिंग क्षेत्र मे हफ्ते मे 5 दिवसीय कार्य की मांग के अनुरूप ही इन्श्योरेन्स सेक्टर और भारतीय रिजर्व बैंक मे 5 दिवसीय कार्यदिवस  मई 2021 से लागू हो गया पर बैंक कर्मी अभी भी 5 दिवसीय हफ्ते की मांग के लिए धरना, प्रदर्शन और हड़ताल कर रहे है। आज के सूचना प्रौधयोगिक युग मे जहां, एटीएम, नेट बैंकिंग, फोन बैंकिंग, UPI के चलते बैसे भी 24 घंटे की बैंकिंग लागू है, मोदी सरकार की सफलता का मूलमंत्र ही बैंकिंग है, तब क्यों 5 डेज़ वीक घोषित नहीं किया जा सकता।

हर नीति और कार्यक्रम पूर्णतः बैंकिंग से जुड़े हैं, जनधन खाते, पैसे सीधे लाभार्थी के खाते मे जमा होने वाली सरकारी की योजनाओं का कार्यान्वयन ही बैंक कर्मियों द्वारा किया गया है फिर भी पंजाब नेशनल बैंक उच्च प्रबंधन द्वारा बैंक कर्मियों को खलनायक के रूप मे प्रस्तुत किए जाने और बैंक के अध्यक्ष सहित उच्च प्रबंधन द्वारा  सरकार की गुड बुक मे आने के इस चापलूसी भरे कृत्य की सरकार को भी निंदा करते हुए बैंक प्रबंधन के विरुद्ध अनुशासनात्मक निर्देश जारी करना चाहिए ताकि स्टाफ के मोनबल को तोड़ने की किसी भी कोशिश पर अंकुश लगाया जा सके।      

विजय सहगल    

शुक्रवार, 16 अक्टूबर 2026

हे! त्रेता के राम! सुनो

हे! त्रेता के राम! सुनो 



हे! त्रेता के राम! सुनो 
कष्ट कठिन, अविराम,सुनो 
दशमुख फिर से आन खड़ा.
संकट में फिर जनकसुता 
पहले थे दस शीश, 
भुजाएं बीस, 
नाभि में अमृत थोड़ा था 
वरदान मृत्यु का तोड़ा था 
वेद ऋचा फिर से गूंजे 
ऐसा कुछ वरदान बुनो
हे! त्रेता के राम! सुनो!!

कलियुग के ये सिर विहीन
लंकेश हुआ है आत्म हीन 
देश का करते मर्दन मान 
तौहीन देश की, समझें शान 
मन-वाणी, विष से सराबोर!!
सत्ता पाने का निषिद्ध शोर 
आँखों में इनकी कौंध रहा.
प्रजातंत्र को रौंद रहा 
राम दूत हनुमान गुनो
हे! त्रेता के राम! सुनो!!

त्रेता रण की जो ठगनी थी 
जड़ मूल, दशानन भगिनी थी 
लक्ष्मण रेखा, फिर टूटी है 
फिर शूर्पनखा जो रूठी है 
राम अनुज तुम से है आस
इस दुष्टा का करो विनाश
मातृभूमि गुण गान चुनो
हे! त्रेता के राम! सुनो!!

फिर आज, बिछी  शकुनि बिसात 
गोरे राजा की शह औ मात
द्रोणा चुप, पितामह मौन 
दुष्ट दु:शासन, बोले कौन 
हाथी, घोड़े और ऊंट पिटे 
पैदल, कदम दर कदम मिटे 
धृतराष्ट्र राजा थे तब थे,
अभी राज गांधारी है 
लोक लाज सब पीछे छूटी 
पुत्र मोह, की मारी है 
हे! राधा के श्याम सुनो!
हे! त्रेता के राम! सुनो!!

विजय सहगल 

शनिवार, 10 अक्टूबर 2026

लेख का प्रकाशन

लेख का प्रकाशन  "शाबाश!! कैप्टन स्मित मच्छार..............!!"


उक्त लेख का प्रकाशन निम्न साचर पत्रों मे हुआ अवलोकनार्थ प्रस्तुत । 


  1. दैनिक अखंड दूत भोपाल के दिनांक 06 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित। 
  2. दैनिक लोकदेश भोपाल के अंक दिनांक 06   अक्टूबर 2026 को प्रकाशित 
  3. दैनिक सरिता प्रवाह लखनऊ के अंक दिनांक 05 अक्टूबर 2026 में प्रकाशित। 
  4. हिन्दी दैनिक श्री जी एक्स्प्रेस के दिनांक 05 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित । 






-विजय सहगल 


शाबाश!! कैप्टन स्मित मच्छार..............!!

 

"शाबाश!! कैप्टन स्मित मच्छार..............!!"




30 सितंबर 2026, बुधवार की प्रातः 8.35 बजे फ़्लाइ दुबई की फ्लाइट संख्या एफ़ज़ेड 1073 जब दुबई से इस्राइल की राजधानी तेलावीव के लिए उड़ी  तो उसमे बैठे 174 यात्रियों जिनमे से अधिकतर इस्राइली नागरिक थे, ने कभी नहीं सोचा होगा कि आज इस उड़ान पर संकट के बादल छाने वाले हैं। 35000 फुट की ऊंचाई पर उड़ रहे इस प्लेन से 11.01 बजे अचानक सामान्य आपातकाल का संकेत कोड 7700 जारी हुआ जो इस बात का संकेत था कि हवाई जहाज में कहीं कुछ गड़बड़ है? और अचानक कुछ ही सेकंड में विमान 35000 फुट की ऊंचाई से गोता लगा कर 17000 फुट की ऊंचाई पर तेजी से नीचे की ओर आया, केबिन की लाइट अचानक बुझ गई। यात्रियों के बीच भय और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। यात्रियों ने कॉकपिट से चीख-पुकार की आवाज़े सुनी। किसी ने सोचा भी नहीं था कि अंतर्राष्ट्रीय नागरिक उड्डयन संगठन द्वारा प्रत्येक प्लेन में अनिवार्य रूप से रक्खी जाने वाली जिस सुरक्षा कुल्हाड़ी (क्रेश एक्स या फायर एक्स भी कहते हैं।) का उपयोग हवाई जहाज के पायलट और कोपायलट द्वारा  आपातकालीन परिस्थितियों में आग बुझाने, रास्ता बनाने, खिड़की तोड़ने, बिजली के तार  काटने (बिधुत रोधी होने के कारण) कर सकते हैं उसका दुर्पयोग ओमनी नागरिक, साथी कोपायलट अपने मुख्य पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के उपर जानलेवा आतंकी हमला करने में करेगा!! इसी बीच 11.08 बजे फ़्लाइ दुबई के कैप्टन स्मित ने, इस्लामी अतिवादी, आत्मघाती  मानसिकता से ग्रसित अपने साथी कोपायलट द्वारा 9/11 जैसे  हमले की पुनरावृत्ति करने के लिए अपने उपर हुए घातक और जानलेवा हमले और लहूलुहान होने के बावजूद हवाईजहाज के अपहरण का कोड संख्या 7500 का सिंगनल हवाई नियंत्रण कक्ष को भेजा।

फ़्लाइ दुबई की इस उड़ान के अपहरण की सूचना पर जहां हवाई यातायात नियंत्रण कक्ष का पूरा तंत्र  सक्रिय हो गया और वहाँ कॉकपिट के अंदर कैप्टन स्मित, हवाई जहाज के 174 यात्रियों की जान बचाने के लिए अपने ही सह पायलट ओमानी नागरिक हमाम अल हमामी के द्वारा चाकू से लगातार किए जा रहे हमलों से जूझ रहे थे। अपने अदम्य साहस और सूझ बूझ से कैप्टन स्मित ने पेट, सिर, हाथों से बह रहे खून से लथपथ, अपनी ज़िंदगी और मौत  से लड़ रहा था, इसके बावजूद पायलट स्मित के  मन में चल रहे अंतर्द्वंद कि आज अगर उसने हिम्मत नहीं दिखाई तो 174 यात्री अपनी जान गंवा देंगे। कॉकपिट में गंभीर रूप से घायल पड़े  कैप्टन स्मित को 9750 घंटे से भी ज्यादा का प्लेन उड़ाने  के अनुभव से मालूम था कि साथी सहपायलट ने विमान की नोज़ को नीचे करने के कारण विमान नीचे जा रहा है अपने आराध्य बीर हनुमान को याद कर उसने अपने अथक प्रयास से केबिन का दरबाजा खोल दिया ताकि दूसरे लोग कॉकपिट के अंदर आ सके। ऐसा करते ही केबिन के बाहर के कुछ यात्री कॉकपिट में आ घुसे उन्हे खून से लथपथ, पायलट स्मित को देख मामला समझने में देर न लगी और पेशे से प्लम्बर एक इस्राइली यात्री यानिव हायून ने प्लेन को नुकसान पहुंचा रहे सह पायलट को पीछे से गले को दबोच कर सीट से बाहर हटाया। अन्य यात्रियों की मदद से  हेडफोन के तारों से बांधने की कार्यवाही को जिव्का मान्स एवं असफ रेगुआन   नामक यात्रियों  ने अंजाम दिया और तब तक अपने पैरों से उसे दबोचे रहे जब तक प्लेन सकुशल नीचे नहीं उतार गया। चींखे सुनकर सबसे पहले पहुंचे एक अन्य इकलौते डॉक्टर यात्री डेन्टिस्ट शोटा मुसाएव ने बेहद नाजुक हालात में पहुंचे कैप्टन स्मित के सिर और हाथों से बह रहे खून को रोका और लेंडिंग तक कैप्टन के स्वास्थ्य  पर नज़र बनाएँ रखी। मौत से बेखौफ, ये एक स्वतः स्फूर्त सामूहिक संकल्प था जिसमे आतंक और अतिवाद से लड़ने की दृढ़ इच्छाशक्ति   स्पष्ट प्रण और प्रतिज्ञा यात्रियों में दिखलाई दे रही थी। इस बेहद खौफनाक हवाई यात्रा का सौभाग्य था कि इस यात्रा में दो हवाई पायलट यात्री के रूप में इस प्लेन में हवाई यात्रा कर रहे थे जिन्होने पायलट स्मित के निर्देशानुसार कॉकपिट को सम्हाल लिया और सऊदी अरब के शहर तबुक में 12.51 बजे सुरक्षित आपात लेंडिंग कराई। इस तरह मौत के भय, अकाल और असमय मृत्यु के खौफनाक दरवाजे पर खड़े, 174 यात्रियों की 3 घंटे 53 मिनिट की आतंक के साये में उड़ी  हवाई यात्रा का डरावना, खौफनाक, भयानक दिल दहलाने वाले मंजर का अंत बिना किसी जनहानि के अच्छा  सुखांत हुआ।    

इस घटना की खबर जंगल में आग की तरह सारी दुनियाँ में फैल  गयी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और सूझ बूझ की खुलकर तारीफ की। कॉकपिट का दरबाजा खोल मदद के लिए चिल्लाने पर उनकी प्रशंसा की और उन्हे नायक बताया। इस्राइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा: असाधारण बहदुरी दिखाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को मेरा सलाम!, मै उनके स्वास्थ्य होने की कामना करता हूँ। वह सच्चे नायक हैं। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार के धैर्य, साहस और सूझ बूझ की की सराहना करते हुए कहा कि, कैप्टन स्मित मच्छार ने अपनी जान की परवाह किए बिना 9/11 जैसे आतंकी हमले को नाकाम कर दिया। घायल होने के बाद भी हिम्मत नहीं हारी और यात्रियों की मदद से एक बड़ा विमान हादसा होने से बचा लिया। मोदी ने कहा कि कैप्टन स्मित मच्छार के साहसिक कृत्य से हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा हो गया। 140 करोड़ भारतीय उन्हे सलाम कर रहे हैं और उनके शीघ्र स्वास्थ्य की कामना कर रहे हैं। एक विडियो संदेश में मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार के माध्यम से ठीक ही   संदेश दिया कि हम भारतीय जान लेने वाले लोग नहीं है, हम जान बचाने वाले लोग हैं। ये स्पष्ट संदेश उन आतंकवादियों और उनका पालन पोषण करने वालों को एक खुला संदेश कि भारत की संस्कृति और सभ्यता  "सर्वे भवन्तु सुखिन:....... की राह पर चलने वाली है।

देश विदेश के सभी बड़े राजनैतिक दलों और उनके नेताओं ने कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी, साहस और सूझ बूझ की तारीफ की, जिसने 174 लोगों की जान बचाकर आतंकी हमले को निष्फल कर दिया। देश में भी राष्ट्रपति, प्रधान मंत्री सहित कॉंग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, रक्षा मंत्री, गृहा मंत्री सहित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों ने भी भारतीय पायलट, स्मित की भूरि-भूरि प्रशंसा की।  प्रायः सभी राजनैतिक दलों और उनके नेताओं ने भारतीय पायलट के पराक्रम और शूर वीरता की तारीफ की है। गाजा, फिलिस्तीन और मध्य पूर्व देशों के छोटे बड़े मुद्दों पर अपनी राय देने वाले गांधी परिवार का भारतीय पायलट स्मित मच्छार की बहादुरी और साहस पर  कोई सार्वजनिक या व्यक्तिगत ब्यान न आना चिंता का विषय है। लेकिन बेहद दुःख और अफसोस है कि जिस भारतीय पायलट के शौर्य और साहस की प्रशंसा पूरा विश्व कर रहा है, नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, सांसद प्रियंका गांधी और सोनिया गांधी का कोई भी सार्वजनिक या व्यक्तिगत ब्यान न आना चौंका देने वाला है। ऐसी कौन सी मजबूरी है जो हमे देश के जांबाज सैनिकों, नागरिकों और पायलट की बहादुरी की प्रशंसा के  दो शब्द भी कहने से रोकती है?  

इस पूरे घटनाक्रम पर तीखी राजनीति हो रही है जो कि स्वाभाविक ही है क्योंकि ये निश्चित ही एक खौफनाक आतंकी घटना हो सकती थी क्योंकि इसका अंजाम, लगभग 170 इस्राइली नागरिकों की मौत के रूप में एक हवाई दुर्घटना होती। लेकिन भला हो  कैप्टन स्मित मच्छार के साहस और शौर्य का, जिसने आतंकी हमलों के मंसूबों पर पानी फेर दिया। जब इसके दूसरे पहलू पर गौर करें  तो स्थिति बड़ी भयावह लगती है?  यदि आतंकी इरादे सफल हो गए होते तो अंतराष्ट्रीय स्तर पर कैप्टन स्मित मच्छार का एक भारतीय हिन्दू पायलट होने के कारण भारतीय  पायलटों की विश्वसनीयता पर एक बहुत बड़ा सवालिया निशान खड़ा हो जाता? देश के बाहर, इस्राइल और भारत के बीच भ्रम और भ्रांति फैलाने की कहानियाँ गढ़ी जाने लगती और देश के अंदर छद्म धर्मनिपेक्ष वादी और वामपंथियों के गिरोह एक बार फिर से हिन्दू आतंकवाद जैसे शब्दों को गढ़ कर अपनी अधम सोच और नीच मानसिकता को खाद पानी दे रहे होते।       

इस घटना के बाद के अभी अनेकों विषयों, पाहुलुओं पर गंभीर जबाव आने बाकी है जिन्हे गहन जांच के बाद सार्वजनिक किया जाएगा और ऐसी उम्मीद करनी  चाहिए कि ऐसी  घटनाओं की पुनरावृत्ति पर रोक लगेगी।            

विजय सहगल