"71वां गणतन्त्र दिवस 2020"
आज का गणतन्त्र दिवस मेरी ज़िंदगी मे कुछ अलग हट के था।
जीवन मे बचपन के 6-8 साल अगर छोड़ भी दे तो स्कूल, कॉलेज और सर्विस मे आने पर अनेकों गणतन्त्र दिवस मे
कहीं न कहीं शामिल होने का सौभाग्य मिला। पर उनमे कुछ यादगार क्षण भोपाल मे सेंट्रल
ज़ोन कमेटी द्वारा आयोजित बैंक परिसर का समारोह, रायपुर मे जिला न्यायालय और कलेक्टर कार्यालय के समारोह रहे।
पर आज का गणतन्त्र दिवस समारोह भी यादगार और परंपरा से हटके बड़े अनौपचारिक माहौल मे
आम्रपाली ईडेन पार्क हाउसिंग सोसाइटी का रहा। पिछले एक दो दिन से मै सोच रहा था कि
क्लास के बच्चों को गणतंत्र दिवस समारोह किसी
स्कूल, सोसाइटी
या सरकारी कार्यालय मे दिखाने और उसमे मे बच्चों को शामिल कराने का प्रयास करना चाहिए।
इस हेतु हमने एक दो जगह प्रयास किये इनमे से जब हमने आम्रपाली ईडेन पार्क मे हाउसिंग
सोसाइटी के पदाधिकारियों से संपर्क किया तो उन्होने बच्चों को सोसाइटी मे मनाये जा रहे
गणतन्त्र दिवस समारोह मे शामिल होने की सहमति को सहर्ष स्वीकार कर लिया। हमने एक दिन
पहले सभी बच्चों को 26 जनवरी को प्रातः 9 बजे नहा धोकर साफ कपड़ो मे तैयार रहने की हिदायत
दी। हमे खुशी है जब हम 26 को उन बच्चों को लेने झुग्गी वस्ती पहुंचे तो वे सभी नहा
धोकर साफ सुथरे कपड़ो के साथ तैयार थे आश्चर्य इस बात का था कि सभी बच्चों के हाथों
मे तिरंगा झण्डा था। जब हमने उन से पूंछा कि ये झंडे कहाँ से आये तो सभी ने बताया कि
उन्होने झंडे 5-5 रूपये मे खरीदे है। माँ-पिता से मिले जेब खर्च को चाकलेट, टोफ़्फ़ी, विस्कुट, गोलगप्पे पर न खर्च कर इस
पैसे को तिरंगे झंडे पर खर्च करना इन बच्चों के देशभक्ति पूर्ण उत्साह को देख कर इन
बच्चों की फकीरी पर हमे नाज़ है। अभावों मे जीने बाले इन बच्चों की इस देशभक्ति देख
कर मेरा सिर इन बच्चों के प्रति सम्मान से झुक गया। अपने स्तर पर कोई बच्चा मोजे जूते तो कोई
मोजे के उपर चप्पल पहने था, कुछ नये कपड़े और कुछ पुराने
ही रोज बाले कपड़ो मे तैयार थे। कपड़ो और पहनावे
मे बेशक मुझे बहुत कोई अंतर नहीं लगा पर उनके तैयार होने के निशान सभी के करीने से
कंघी किये बालों से नज़र आ रहे थे। उनके चेहरों मे उत्साह की ताज़गी आँखों मे समारोह
मे शामिल होने की चमक और कदमों मे तेजी से चलने की उमंग साफ परलक्षित हो रही थी कि
वे सब आज किसी समारोह मे शामिल होने जा रहे है। हमने सभी 14 बच्चों को कार मे बिठलाया
हर बड़े बच्चे की गोदी मे एक छोटे बच्चे को बैठा पीछे 10 बच्चों को फिट किया और आगे
चार बच्चों को लेकर हम आम्रपाली ईडेन पार्क
हाउसिंग सोसाइटी मे 9.20 बजे पहुँच गये। ध्वजारोहण का कार्यक्रम 9.30 बजे था। काफी
संख्या मे सोसाइटी के वासिंदे वहाँ पहले से ही मौजूद थे। सभी बच्चो को पीछे की तीन
लाइन मे कुर्सियों पर बैठा दिया। ठीक समय पर ध्वजा रोहण के बाद राष्ट्रीयगान का वंदन
हुआ जिसमे बच्चों सहित सोसाइटी के सभी लोग सावधान की मुद्रा मे खड़े होकर शामिल हुए।
तत्पश्चात सोसाइटी के अध्यक्ष श्री नारद जी
द्वारा सम्बोधन किया उन्होने कक्षा के सभी बच्चों का भी स्वागत किया। उन्होने मुझे
बुलाकर बच्चों के बारे मे सोसाइटी के निवासियों को विस्तृत विवरण हेतु आमंत्रित किया।
मैंने बच्चों को गणतन्त्र दिवस समारोह मे शामिल करने का उद्देश्य की जानकारी देते हुए
बतया कि मेरी ईक्षा थी कि इन बच्चों को भी
समाज, देश मे मनाये जा रहे राष्ट्रीय पर्व गणतन्त्र दिवस के समारोह मे शामिल होने देखने और अनुभव करने का
मौका मिले ताकि उन्हे भी गणतन्त्र का नागरिक होने का अहसास हो। हमने आम्रपाली ईडेन
पार्क हाउसिंग सोसाइटी के पदाधिकारियों का बच्चों को गणतन्त्र दिवस
समारोह मे शामिल होने के आमंत्रण को स्वीकार हेतु धन्यवाद दिया। आम्रपाली ईडेन पार्क हाउसिंग सोसाइटी ने न केवल बच्चों
को इस कार्यक्रम मे शामिल कर उनका उत्साह और स्नेह भरा स्वागत किया बल्कि मुख्य कार्यक्रम
स्थल पर बुला कर उनका सम्मान किया एवं चाकलेट बिस्कुट देकर उनकी प्रस्न्न्ता को बढ़ाया।
इन बच्चों मे एक बच्चे सत्यम ने "नन्हा मुन्ना रही हू, देश का सिपाही हू, बोले मेरे संग जय हिन्द, जय हिन्द जय हिन्द" का
गायन किया जिसे सभी दर्शकों ने तालियाँ बजा कर उसके उत्साह को बढ़ाया। स्वल्पाहार ग्रहण
कर बच्चे अन्य कार्यक्रमों को कौतूहल के साथ लगातार बैठे और देखते रहे।
अंत मे सभी बच्चों को हमारी धर्म पत्नी ने घर बुलाया
जहां हल्के फुल्के नाश्ते का प्रवंध किया था।
बच्चे लिफ्ट मे सवारी कर जब फ्लैट मे आये तो लिफ्ट की सवारी की चर्चा बड़े उत्साह उमंग
के साथ कर रहे थे। उनमे से अधिकांश बच्चे लिफ्ट मे पहली बार सवार हुए थे। घर से स्वल्पाहार
कर सभी बच्चों को बापस उनके निवास पर छोड़ गणतन्त्र दिवस की बधाई प्रेषित की।
आज के उक्त यादगार गणतन्त्र दिवस की सहभागिता ने मुझे
अभिभूत कर दिया। सभी साथियों और विशेष तौर पर आम्रपाली ईडन पार्क सोसाइटी सभी रहवासियों को गणतन्त्र दिवस की बधाई।
विजय सहगल



